कोडरमा. भाजपा सरकार राज्य का विकास नहीं, विनाश करने पर तुली है। राज्य में खनिज संपदा होने के बावजूद भी यहां के लोग गरीब है। भाजपा के कार्यकाल में गरीब भूख से मर रहा हैं, किसान आत्मदाह करने पर मजबूर है व राज्य के युवा रोजगार के लिए पलायन को मजबूर हैं। यह बातें पूर्व मुख्यमंत्री सह झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने रविवार को कही। वो प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैदान परिसर में पार्टी प्रत्याशी रमेश हर्षधर के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस सरकार ने राज्य के जरूरतमंदों का राशन कार्ड व पेंशन सूची से नाम काट दिया है। उन्होंने लोगों से कहा कि अगर झाविमो की सरकार बनी तो राज्य में शिक्षा स्वास्थ्य सिंचाई की समुचित व्यवस्था को लेकर काम करेगी। पारा शिक्षकों व आंगनबाड़ी सेविकाओं की समस्याओं को स्थायी निराकरण किया जाएगा।
वहीं, पार्टी के प्रत्याशी रमेश हर्षधर ने कहा की आजसू और भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। झारखंड को इनलोगों ने सिर्फ लूटने खसोटने का काम किया है। इस बार इनके छलावे में नहीं आकर झारखंड के विकास के लिए बाबूलाल मरांडी की सरकार बनानी है। पार्टी के केंद्रीय सचिव सुरेश साव ने कहा की झारखंड के भविष्य को अपने बच्चों के भविष्य को अगर संवारना है, तो प्रदेश में बाबूलाल मरांडी की सरकार बनाएं।